क्रिप्टोकरंसी क्या है

क्रिप्टो मुद्रा क्या है? Cryptocurrency Kya Hai

क्रिप्टो मुद्रा क्या है (Cryptocurrency Kya Hai): डिजिटल युग में “क्रिप्टोमुद्रा” या “क्रिप्टो करेंसी (Crypto currency)” की चर्चा सभी कर रहे हैं। यह वास्तव में एक तरह का डिजिटल मुद्रा ही है। समय के साथ-साथ मुद्रा के स्वरूप भी बदलते रहते हैं। सबसे पहले धातु के मुद्रा बनते थे, फिर कागज के बने, फिर प्लास्टिक के (ATM) और अब वर्चुअल मुद्रा जिसे क्रिप्टो करेंसी कहा जाता है। आज इस ब्लॉग में हम क्रिप्टोकरंसी क्या है, यह कैसे काम करता है, इसका भविष्य, फायदे, नुकसान, तथा इसके बारे में अन्य सभी महत्वपूर्ण जानकारी जैसे क्रिप्टो करेंसी में आपको निवेश करना चाहिए या नहीं आदि के बारे में जानेंगे।

Table of Contents

क्रिप्टोमुद्रा क्या है?

क्रिप्टोकरंसी क्या है
क्रिप्टोकरंसी क्या है

क्रिप्टोमुद्रा, मुद्रा का डिजिटल रूप है, यह वर्चुअल दुनिया का पैसा है। इसे ब्लॉकचेन तकनीक की मदद से सुरक्षित किया जाता है और इसे इंटरनेट पर खरीदा, बेचा या इस्तेमाल किया जा सकता है। यह किसी सरकार या बैंक द्वारा कंट्रोल नहीं होता। इसका प्रमुख उद्देश्य है लोगों को सीधे लेनदेन करने का एक सुरक्षित और तेज जरिया मुहैया करवाना।

आपके पास जो रुपये (₹) होते हैं, वो नोट और सिक्कों के रूप में मौजूद होते हैं। लेकिन क्रिप्टो करेंसी सिर्फ ऑनलाइन मौजूद होती है, इसे छू नहीं सकते।

उदाहरण स्वरूप जैसे आप Google Pay, PhonePe या Paytm से पैसों की लेनदेन करते हैं, उसी तरह क्रिप्टो करेंसी भी ऑनलाइन ट्रांसफर की जाती है।

लेकिन फर्क यह है कि रुपये बैंकों के जरिए ट्रांसफर होते हैं, जबकि क्रिप्टो करेंसी बिना बैंक के सीधा भेजी जाती है।

जिस तरह पैसों के कई सारे प्रकार हैं, जैसे डॉलर, पाउंड और रुपया, इस प्रकार क्रिप्टो करेंसी के भी कई सारे प्रकार हैं।

उदाहरण स्वरूप, बिटकॉइन (Bitcoin) पहली और सबसे प्रसिद्ध क्रिप्टोमुद्रा है, जिसे 2009 में लॉन्च किया गया था। इसके बाद कई अन्य क्रिप्टो करेंसीज आईं, जैसे एथेरियम (Ethereum), लाइटकॉइन (Litecoin), और डॉजकॉइन (Dogecoin)।

तो अब आप अच्छे से समझ चुके होंगे कि क्रिप्टो करेंसी क्या है। याद रखिए अब तक यह सिर्फ डिजिटल फॉर्म मे है, वास्तविक दुनिया में इसका कोई स्वरूप नहीं है।

क्रिप्टो करेंसी काम कैसे करती है?

क्रिप्टो करेंसी ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी पर आधारित होती है। ब्लॉकचेन को आप डिजिटल वही-खाता (Ledger) कह सकते हैं जो सभी लेनदेन को रिकॉर्ड करता है।

  • हर एक-एक ट्रांजैक्शन को एक-एक अलग ब्लॉक में स्टोर किया जाता है।
  • इन ब्लॉक्स को एक दूसरे से जोड़ा जाता है, जिससे ब्लॉकचेन बन जाता है।
  • डेटा को हैकिंग से बचाने के लिए एडवांस एल्गोरिदम का उपयोग किया जाता है।
  • इस सिस्टम में कोई भी सेंट्रल अथॉरिटी (जैसे बैंक या सरकार) नहीं होती।
  • यह प्रणाली बेहद सुरक्षित होती है क्योंकि हर ट्रांजैक्शन को क्रिप्टोग्राफी द्वारा एन्क्रिप्ट किया जाता है।

क्रिप्टोमुद्रा को खरीदने, बेचने या स्टोर करने के लिए आपको एक डिजिटल वॉलेट (Wallet) की आवश्यकता होती है।

क्रिप्टो करेंसी लिस्ट

Cryptocurrency kya hai
Cryptocurrency kya hai

दुनिया में हजारों किस्म के क्रिप्टोकरंसी मौजूद हैं। लेकिन सभी क्रिप्टो करेंसी निवेश और उपयोग के लिए महत्वपूर्ण नहीं होतीं। कुछ क्रिप्टो करेंसी बेहतर टेक्नोलॉजी, बेहतर सुरक्षा और उपयोगिता के लिए अधिक लोकप्रिय है। इनमें से सबसे प्रमुख क्रिप्टोकरंसी की लिस्ट इस टेबल में दी गई है:

क्रिप्टो करेंसीशॉर्ट फॉर्मशुरुआत का वर्षमुख्य उपयोगविशेषताएँ
बिटकॉइनBTC2009डिजिटल गोल्ड, निवेशसबसे पुरानी और सबसे महंगी क्रिप्टो
एथेरियमETH2015स्मार्ट कॉन्ट्रैक्ट, DeFi, NFTब्लॉकचेन पर ऐप्स और स्मार्ट कॉन्ट्रैक्ट्स
बिनांस कॉइनBNB2017ट्रेडिंग, फीस डिस्काउंटBinance एक्सचेंज का टोकन
टेथरUSDT2014स्थिर मुद्रा, ट्रेडिंगअमेरिकी डॉलर के बराबर मूल्य
सोलानाSOL2020स्मार्ट कॉन्ट्रैक्ट, NFT, गेमिंगबहुत तेज और कम शुल्क वाला ब्लॉकचेन
कार्डानोADA2017स्मार्ट कॉन्ट्रैक्ट, DeFiएनर्जी-इफिशिएंट PoS टेक्नोलॉजी
रिपलXRP2012बैंकिंग ट्रांजैक्शन, तेज भुगतानबैंकों के लिए डिज़ाइन किया गया
पोलकाडॉटDOT2020मल्टी-ब्लॉकचेन नेटवर्ककई ब्लॉकचेन को जोड़ने की सुविधा
डॉजकॉइनDOGE2013ऑनलाइन टिपिंग, मीम कॉइनमीम से बना, एलन मस्क का समर्थन
शीबा इनुSHIB2020मीम टोकन, NFT, मेटावर्सडॉजकॉइन किलर कहा जाता है
लाइटकॉइनLTC2011तेज़ ट्रांजैक्शनबिटकॉइन से तेज़ लेनदेन
चेनलिंकLINK2017स्मार्ट कॉन्ट्रैक्ट डेटाब्लॉकचेन डेटा सेवाएं
स्टेलरXLM2014अंतरराष्ट्रीय भुगतानकम शुल्क में ग्लोबल ट्रांजैक्शन
एवेलांचAVAX2020DeFi और गेमिंगतेज़ और स्केलेबल ब्लॉकचेन
मैटिक (पॉलीगॉन)MATIC2019एथेरियम स्केलेबिलिटीएथेरियम के लिए तेज और सस्ता नेटवर्क

क्रिप्टो मुद्रा के फायदे क्या-क्या है?

आधुनिक युग का डिजिटल करेंसी है “क्रिप्टो मुद्रा”। इसके
बहुत सारे फायदे हैं। आईए थोड़ा विस्तार में जानते हैं इसके फायदों के बारे में।

1. बिना बैंक के लेनदेन

क्रिप्टो मुद्रा में लेनदेन या ट्रांजैक्शन करने के लिए आपको किसी बैंक की आवश्यकता नहीं है।

उदाहरण: अगर आपको किसी दोस्त को पैसे भेजने हैं, तो आमतौर पर आपको बैंक, UPI, Paytm या अन्य माध्यमों का उपयोग करना पड़ता है। लेकिन क्रिप्टो करेंसी में बैंक का झंझट नहीं, सीधे क्रिप्टो करेंसी वॉलेट से ही भेज दीजिए।

प्रमुख फायदे:

  • सीधा व्यक्ति से व्यक्ति लेनदेन होता है। बीच में कोई भी बिचौलिया (Middleman) नहीं।
  • यह बहुत ही तेज है। बैंकिंग सिस्टम में ट्रांजैक्शन क्लियर होने में समय लगता है, लेकिन क्रिप्टो में कुछ ही मिनटों में ट्रांसफर हो जाता है।
  • बैंक ट्रांसफर में फीस लगती है, लेकिन क्रिप्टो ट्रांसफर में बहुत कम या कोई शुल्क नहीं लगता।

2. आसान और सस्ता इंटरनेशनल ट्रांसफर

सबसे बड़ा फायदा जो क्रिप्टो करेंसी का है, वह यह है कि आप बड़ी सस्ते तथा आसानी से दुनिया के किसी भी कोने में पैसा भेज सकते हैं।

उदाहरण: अगर कोई व्यक्ति भारत से अमेरिका पैसे भेजता है, तो उसे बैंक या वेस्टर्न यूनियन जैसे माध्यमों से भेजना पड़ता है, जिसमें कई दिन लग सकते हैं और ज्यादा फीस कटती है। पर क्रिप्टोकरंसी में फीस भी बहुत कम है और ट्रांजैक्शन भी फटाफट होता है।

प्रमुख फायदे:

  • पलक झपकते दुनिया के किसी कोने में भी पैसे भेजिए।
  • बहुत कम ट्रांजैक्शन फीस।
  • कोई करेंसी कन्वर्जन (Currency Exchange) का झंझट नहीं – जैसे USD से INR में बदलने की जरूरत नहीं

3. गोपनीयता और सुरक्षा

क्रिप्टो करेंसी ब्लॉकचेन तकनीक पर आधारित होती है, जो इसे बहुत सुरक्षित बनाती है।

उदाहरण: अगर आप बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर करते हैं, तो बैंक को आपका पूरा डेटा पता होता है, लेकिन क्रिप्टो करेंसी में आपकी पहचान गोपनीय रहती है।

प्रमुख फायदे:

  • ब्लॉकचेन में सभी लेनदेन का रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है।
  • हैकिंग करना लगभग नामुमकिन है।
  • किसी के बैंक डिटेल लिक नहीं होते।

नोट: क्रिप्टो ट्रांसफर अनाम (Anonymous) होते हैं, लेकिन ब्लॉकचेन पर ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड रहता है, जिससे धोखाधड़ी को रोका जा सकता है।

4. निवेश के लिए बेहतर

क्रिप्टो करेंसी निवेश के लिए भी बहुत फायदेमंद मानी जाती है, क्योंकि इसकी कीमतें बहुत तेजी से बढ़ती हैं।

उदाहरण: 2010 में 1 बिटकॉइन (BTC) की कीमत सिर्फ ₹5 थी, लेकिन 2021 में यह ₹50 लाख से ज्यादा हो गई।

प्रमुख फायदे:

  • सही समय में निवेश करने पर लॉन्ग टर्म में बहुत मुनाफा मिल सकता है।
  • कम समय में करोड़पति बन सकते हैं।
  • कुछ क्रिप्टो की कीमतें स्टॉक मार्केट से भी तेजी से बढ़ती हैं।

नोट: क्रिप्टो का रेट बहुत ज्यादा ऊपर-नीचे होता है। इसमें जोखिम (Risk) भी होता है, इसलिए सही रिसर्च करके ही निवेश करें।

5. महंगाई की मार से रक्षा

महंगाई (Inflation) बढ़ने से रुपये की वैल्यू कम होती जाती है, लेकिन कुछ क्रिप्टो मुद्राएं इन्फ्लेशन-प्रूफ होती हैं।

उदाहरण: अगर आपने ₹1,000 साल 2000 में सेव किए होते, तो आज उसकी वैल्यू बहुत कम हो जाती। लेकिन अगर आपने बिटकॉइन या गोल्ड में निवेश किया होता, तो उसकी वैल्यू कई गुना बढ़ चुकी होती।

प्रमुख फायदे:

  • बिटकॉइन जैसी कुछ क्रिप्टो करेंसी लिमिटेड होती हैं, यानी इन्हें ज्यादा नहीं बनाया जा सकता, जिससे उनकी कीमत स्थिर रहती है। यह महंगाई से बचने का अच्छा साधन हो सकता है।

6. स्वतंत्र मुद्रा

क्रिप्टोकरंसी किसी भी सरकार या बैंक द्वारा नियंत्रित नहीं होती, यह एक स्वतंत्र मुद्रा है।

उदाहरण: अगर बैंक बंद हो जाए या सरकार कोई नई पॉलिसी लागू कर दे, तो आपका पैसा फंस सकता है। लेकिन क्रिप्टो करेंसी पूरी तरह ऑनलाइन और डिसेंट्रलाइज्ड होती है, जिसे कोई बंद नहीं कर सकता।

प्रमुख फायदे:

  • सरकार की पॉलिसी का असर कम होता है।
  • किसी देश की आर्थिक समस्या (Economic Crisis) से बचा जा सकता है।

7. छोटा निवेश संभव

क्रिप्टो करेंसी की शुरुआत आप बहुत ही छोटे निवेश से भी कर सकते हैं।

उदाहरण: आप सिर्फ ₹100 या ₹500 से भी बिटकॉइन खरीद सकते हैं। कुछ प्लेटफॉर्म (जैसे WazirX, Binance) ₹10 से भी निवेश की सुविधा देते हैं।

प्रमुख फायदे:

  • छोटे निवेश से शुरुआत करके, आप धीरे-धीरे सीख सकते हैं।
  • कोई भी व्यक्ति इसे अपना सकता है, भले ही उसके पास कम पैसे हों।

क्रिप्टो मुद्रा के नुकसान क्या है?

क्रिप्टो मुद्रा या क्रिप्टोकरंसी को भविष्य के पैसे के रूप में देखा जा रहा है। पर इसके कुछ नुकसान भी हैं।

इसमें निवेश करने से पहले आपको इसके नुकसान तथा जोखिमों के बारे में समझ लेना जरूरी है।

1. अनिश्चित कीमत

क्रिप्टो मुद्रा की कीमत निश्चित नहीं होती, इसमें बहुत उतार-चढ़ाव देखा जाता है। किसी भी क्रिप्टो करेंसी की कीमत 1 दिन में ही 10% से 50% तक ऊपर नीचे हो सकती है। इसलिए निवेशकों को बड़ा नुकसान होने का खतरा लगा रहता है।

उदाहरण:

  • 2021 में बिटकॉइन की कीमत ₹50 लाख थी, लेकिन कुछ महीनों में यह ₹20 लाख तक गिर गई।
  • Dogecoin जैसी करेंसी कुछ ही महीनों में 1000% बढ़ी और फिर अचानक 80% गिर गई।

2. हैकिंग तथा साइबर फ्रॉड का खतरा

यह पूरी तरह डिजिटल होने के कारण साइबर क्राइम तथा हैकिंग का बड़ा खतरा लगा रहता है। कोई बैंक या सरकारी सुरक्षा न होने के कारण हैकर इसे आसानी से निशाना बना सकते हैं।

ऊपर से अगर आपका वॉलेट ही हैक हो गया तो आपका सारा पैसा हमेशा के लिए गया। फेक एक्सचेंज और स्कैमर्स का भी बड़ा खतरा है।

उदाहरण:

  • 2014 में Mt. Gox नामक क्रिप्टो एक्सचेंज से 4,60,000 बिटकॉइन हैक हो गए थे।
  • 2021 में एक निवेशक ने गलती से एक स्कैम वेबसाइट पर $10,000 (₹8 लाख) भेज दिए और उसे वापस नहीं मिला।

3. कानूनी मान्यता की कमी

विश्व के कई देशों की सरकार अभी तक क्रिप्टोकरंसी को मान्यता नहीं देतीं। कुछ देशों ने इसकी ट्रेडिंग पर भी रोक लगा दी है।

भारत और कई अन्य देशों में क्रिप्टो टैक्सेशन और नियमों को लेकर असमंजस बना हुआ है। अगर भविष्य में सरकारें क्रिप्टो को अवैध कर दें, तो आपका निवेश खतरे में पड़ सकता है।

उदाहरण:

  • चीन ने 2021 में सभी क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग और माइनिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया।
  • भारत में 2018 में क्रिप्टो ट्रेडिंग पर बैन लगाया गया था, जिसे 2020 में हटाया गया।
  • कुछ देशों में क्रिप्टो से कमाए गए पैसे पर टैक्स के कड़े नियम हैं।

4. स्कैम और पोंजी स्कीम

क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने वाले लोगों को अक्सर स्कैम और फर्जी स्कीमों का शिकार बनाया जाता है। कई कंपनियां आकर्षक लालच देकर निवेशकों के पैसे लेकर भाग जाती हैं।

कई नकली क्रिप्टो करंसी भी बनाई जाती है, जिसका असल में कोई मूल्य नहीं होता। Pump & Dump स्कीम में क्रिप्टो की कीमतें अचानक बढ़ाई जाती हैं और फिर निवेशकों को फंसाकर गिरा दी जाती हैं।

उदाहरण:

  • BitConnect नामक एक क्रिप्टो स्कैम में लाखों निवेशकों के $2 बिलियन (₹16,000 करोड़) डूब गए।
  • पोंजी स्कीम में लोग जल्दी अमीर बनने के चक्कर में अपनी पूंजी गवां बैठते हैं।

5. रिफंड नहीं होता

अगर आप गलती से कहीं पैसे भेज देते हैं, किसी और के वॉलेट में, तो वह पैसे वापस पाने की कोई संभावना नहीं है। इसमें गलती ठीक करने का कोई तरीका नहीं है।

क्रिप्टो करेंसी का भविष्य

क्रिप्टो करेंसी का भविष्य उज्जवल तो दिख रहा है पर संदेहजनक और चुनौतीपूर्ण भी लग रहा है। समय के साथ और अधिक लोग क्रिप्टोकरंसी को अपना रहे हैं। कई देश अपना डिजिटल करेंसी लॉन्च करना चाहते हैं।

निसंदेह क्रिप्टोकरंसी की मदद से ट्रांजैक्शन, शॉपिंग आदि आसान हो जाएगा। पर बड़ा प्रश्न यह है कि यह कितना सुरक्षित है, क्योंकि इसे नियंत्रित करने वाला कोई नहीं। अगर कोई इसे रेगुलेट ही नहीं कर पाएगा तो यह पूरे विश्व के इकोनोमी के लिए संकट है।

चीन ने तो क्रिप्टो पर बैन लगा रखा है। वहीं भारत और अमेरिका जैसे देश इसे रेगुलेट करने का प्रयास कर रही है।

भविष्य में क्या हो सकता है?

पूरी संभावना है कि भविष्य में क्रिप्टो करेंसी को नियंत्रित करने के लिए बेहतरीन नियम कानून बनाए जाएंगे। इसमें स्थिरता आ सकती है। पूरी दुनिया डिजिटल हो रहा है, ऐसे में क्रिप्टो जैसे एक डिजिटल पैसे को हर कोई देर सवेर अपना ही लेगा। सब कुछ निर्भर करेगा की यह कितना सुरक्षित और विश्वसनीय हो पाता है। सरकारें इसकी बेहतरी पर काम कर रही हैं, तो निसंदेह कभी ना कभी वे सफलता हासिल कर ही लेंगी।

लेकिन फिर भी फिलहाल तो क्रिप्टोकरंसी का भविष्य अनिश्चित है। कोई बड़ा उलट फेर इसे पूरी तरह से समाप्त भी कर सकता है। क्योंकि इसकी जिम्मेदारी लेने वाला अभी तक कोई भी नहीं, रातों-रात यह बंद हो सकता है और सभी का लगाया गया पैसा डूब सकता है। इसके खिलाफ आप कुछ भी नहीं कर पाएंगे।

क्या क्रिप्टो मुद्रा में निवेश करना चाहिए?

अगर आप क्रिप्टो मुद्रा पर निवेश करना चाहते हैं तो सबसे पहले इसे अच्छे से समझ लें। इसमें उतना ही निवेश करें जितना जोखिम आप उठा सकते हैं। अर्थात जितना पैसा डूबने पर आप सरलता से झेल पाएंगे। क्योंकि इसकी कोई गारंटी नहीं है। इसकी लोकप्रिय बाढ़ तो रही है, पर अपना सब कुछ इस पर लगा देना मूर्खता होगा। मेरे हिसाब से अब भी यह एक हुए की तरह ही है जब तक की इसे रेगुलेट नहीं किया जाता।

निष्कर्ष

क्रिप्टो मुद्रा, पैसों का एक नया डिजिटल रूप है। अभी तक इसे ग्रहण करने में बाद विवाद अनेक देशों में चल रहा है। कई देशों ने इसे बैन भी कर रखा है। फिर भी इसे भविष्य के पैसे के रूप में देखा जा रहा है। दिन प्रतिदिन इसे ग्रहण करने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है। पर इसमें कुछ समस्याएं भी हैं। अभी तक इसे नियंत्रित करने वाला कोई नहीं। सरकारें प्रयासरत हैं की कैसे इसके लिए नियम कानून बनाया जाएं तथा इसे नियंत्रित किया जाए। इसीलिए क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने से पहले इसके फायदे तथा नुकसान के बारे में अच्छे से समझ लें। इसके साथ ही इससे जुड़े खतरों के बारे में भी जान लें। इसमें एक बार आपका पैसा डूब गया तो वापस पाने का कोई तरीका नहीं है, इसीलिए सावधानी के साथ निवेश करें। इस लेख में हमने क्रिप्टो मुद्रा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी, इसके फायदे तथा नुकसान, इसमें आपको निवेश करना चाहिए या नहीं आदि सभी महत्वपूर्ण बातों पर चर्चा किया है। आपके मन में कोई प्रश्न है तो नीचे कमेंट सेक्शन में आप हमसे पूछ सकते हैं।

ब्लॉग के अन्य लोकप्रिय लेख:



Similar Posts